---Advertisement---

टी-20 वर्ल्ड कप: आईसीसी ने मांग ठुकराई, अब भी बांग्लादेश को किस ‘करिश्मे’ की उम्मीद

January 22, 2026 10:12 AM
---Advertisement---

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल होने को लेकर मिले अल्टीमेटम के बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने ‘करिश्मा’ होने की उम्मीद जताई है.

भारत के साथ चल रहे तनाव के बीच बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वर्ल्ड कप के अपने मैच भारत की जगह श्रीलंका शिफ़्ट करने का अनुरोध किया था.

इस पर आईसीसी ने कहा कि उसने सभी सुरक्षा मूल्यांकन कराए और यह तय किया गया है कि इतनी जल्दी बदलाव करना संभव नहीं है.

क्रिकइन्फ़ो की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, बुधवार को आईसीसी बोर्ड की बैठक हुई.

इस बैठक में बीसीबी से यह कहा गया कि अगर उनकी टीम भारत नहीं जाती है, तो उनकी जगह किसी और टीम को मिल जाएगी. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमीनुल इस्लाम ने बांग्लादेश सरकार से बातचीत के लिए आईसीसी से समय मांगा है.

क्रिकइन्फ़ो की रिपोर्ट के मुताबिक़ अमीनुल इस्लाम ने कहा, “मैंने आईसीसी के बोर्ड से समय मांगा है ताकि एक आख़िरी बार अपनी सरकार से बात कर सकूँ. उन्होंने कहा कि ये जायज़ बात है और मुझे 24 से 48 घंटे दिए हैं जवाब के लिए. मैं सरकार पर दबाव नहीं बनाना चाहता हूँ. हम जानते हैं कि भारत हमारे लिए सुरक्षित नहीं है. हम इस रुख़ पर क़ायम है कि हमें श्रीलंका में खेलना है. मैं जानता हूँ कि आईसीसी ने हमारी रिक्वेस्ट ख़ारिज कर दी है लेकिन हम सरकार से एक और बार बात करेंगे. मैं आईसीसी को सरकार की फ़ीडबैक के बारे में जानकारी दूँगा.”

जब उनसे पूछा गया कि सिर्फ़ एक दिन में वह क्या हासिल कर पाएँगे, तो अमीनुल इस्लाम ने कहा, “मैं आईसीसी से करिश्मे की उम्मीद कर रहा हूँ. वर्ल्ड कप में कौन नहीं खेलना चाहेगा? बांग्लादेश के खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं. लेकिन हमें नहीं लगता कि भारत हमारे खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित है. जब एक सरकार कोई फ़ैसला लेती है, तो वह सिर्फ़ खिलाड़ियों को ध्यान में नहीं रखती बल्कि सभी पहलुओं पर ग़ौर करती है.”

सात फ़रवरी से शुरू हो रहे आईसीसी टी-20 विश्व कप मुक़ाबले में बांग्लादेश ग्रुप सी में है.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment