---Advertisement---

16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन? आंध्र प्रदेश में ऑस्ट्रेलिया वाला दांव, डेटा इकट्ठा कर रही सरकार

February 3, 2026 8:34 AM
---Advertisement---

Andhra Pradesh Social Media: आंध्र प्रदेश ने नारा लोकेश की अध्यक्षता में GoM बनाकर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्रतिबंध के ऑस्ट्रेलिया मॉडल पर अध्ययन शुरू किया है. टीडीपी के एक वरिष्ठ नेता ने माना कि इस तरह के प्रस्ताव को लागू करना जटिल होगा और इसके लिए केंद्र सरकार, खासकर सहयोगी दल भाजपा का समर्थन जरूरी होगा.

नई दिल्ली/अमरावती: आंध्र प्रदेश के आईटी और शिक्षा मंत्री नारा लोकेश द्वारा 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने संबंधी ऑस्ट्रेलिया जैसे कानून पर विचार किए जाने के एक दिन बाद, राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव का अध्ययन करने के लिए मंत्रियों के एक समूह (GoM) का गठन किया है. ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ ने अपने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है. आंध्र प्रदेश ऐसा प्रस्ताव सामने लाने वाला देश का पहला राज्य बन गया है.

सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस समूह की अध्यक्षता खुद नारा लोकेश करेंगे. इसमें गृह मंत्री अनीता वंगलापुडी, स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री कोलुसु पार्थसारथी शामिल होंगे. सूत्रों ने बताया कि सरकार राज्य भर से ऐसे मामलों का डेटा इकट्ठा कर रही है, जिनमें 16 साल से कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया पर या तो उत्पीड़न के शिकार हुए हैं या फिर आरोपी पाए गए हैं.

स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) शिखर सम्मेलन के दौरान लोकेश ने ब्लूमबर्ग से बातचीत में कहा, “सरकार ऑस्ट्रेलिया के उस फैसले का अध्ययन कर रही है, जिसमें 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाया गया है. एक निश्चित उम्र से कम के बच्चे इन प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद सामग्री को पूरी तरह समझने में सक्षम नहीं होते. इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए एक मजबूत कानूनी ढांचे की जरूरत हो सकती है.” एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि लोकेश के दावोस से लौटने के बाद इस प्रस्ताव को लागू करने की रूपरेखा तय करने के लिए एक अहम बैठक होने की संभावना है. टीडीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक रेड्डी ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया कि यह विचार पिछले साल अक्टूबर में लोकेश की ऑस्ट्रेलिया की पांच दिवसीय यात्रा के दौरान सामने आया था.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment