जालंधर। Jalandhar News : शहर के पुराने और भीड़भाड़ वाले बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। ज्योति चौक, शेखां बाजार, अटारी बाजार, बाल्मीकि गेट, माई हीरा गेट और कंपनी बाग चौक के आसपास कुछ ऐसे संदिग्ध लोगों की गतिविधियां सामने आई हैं, जो लोगों को भावनात्मक रूप से अपने झांसे में लेकर उनसे पैसे ऐंठ रहे हैं।
पिछले दिनों बाजार में एक ऐसा घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। कुछ समय तक बाजार में रुककर गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान पता चला कि कुछ लोग एक सुनियोजित तरीके से महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। खास तौर पर ऐसी महिलाएं और युवतियां, जो अपने माता-पिता, बुजुर्गों या परिवार के अन्य सदस्यों के बजाय दो सहेलियों, बहनों या रिश्तेदारों के साथ खरीदारी करने आती हैं।
ये संदिग्ध लोग उनके पास जाकर अपनी परेशानी बताते हैं। कोई कहता है कि उसका बटुआ गुम हो गया है, किसी का कहना होता है कि वह गांव से आया है और वापस जाने के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं। इस तरह मदद की गुहार लगाकर वे लोगों से थोड़े पैसे मांगते हैं।
मौके पर देखा गया कि दो युवतियों से इसी तरह 100-200 रुपये लेकर एक युवक आगे बढ़ गया। इसके बाद उसने ज्योति चौक के अंदर जाने वाली सड़क की तरफ अपना ठिकाना बदल लिया।
जब इस मामले की जानकारी वहां नाके पर तैनात पुलिस कर्मचारी को दी गई तो उसने भरोसा दिलाया कि वह संबंधित युवक पर नजर रखेगा और आगे से ऐसी गतिविधियों पर ध्यान देगा। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ये लोग एक ही जगह पर लगातार सक्रिय रहते हैं या पैसे ऐंठने के बाद अपना स्थान बदल लेते हैं? क्योंकि कंपनी बाग चौक से शुरू होकर शेखां बाजार और अटारी बाजार होते हुए माई हीरा गेट तक फैले इस पूरे बाजार क्षेत्र में लोगों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में इनके लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना भी आसान हो सकता है।
बाजारों में सिविल वर्दी में पुलिस तैनात करने की जरूरत
जालंधर के ये बाजार केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि दूसरे शहरों और गांवों से आने वाले खरीदारों तथा एनआरआई लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। यहां लोग महंगे कपड़े, गहने और अन्य सामान खरीदने आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सामान की हिफाजत प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रशासन को चाहिए कि इन संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले बाजारों में सिविल वर्दी में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाए। विशेष रूप से महिला पुलिस कर्मचारियों की संख्या अधिक होनी चाहिए, ताकि महिलाओं को निशाना बनाने वाले ऐसे संदिग्ध लोगों की पहचान कर उन पर नजर रखी जा सके।
जरूरत इस बात की है कि पुलिस केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई न करे, बल्कि बाजारों में सक्रिय रहकर ऐसी गतिविधियों को पहले ही रोके। आखिरकार, बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है।










