एक यूट्यूब चैनल से वज़न कम करने के लिए ली गई जानकारी के आधार बोरेक्स खाने के बाद तमिलनाडु के मदुरै के एक कॉलेज की छात्रा की मौत हो गई.
‘सिद्ध चिकित्सा’ की प्रैक्टिस करने वाले कहते हैं कि बोरेक्स एक विषैला पदार्थ है और इसका इस्तेमाल पारंपरिक दवाई को तैयार करने में बहुत कम मात्रा में ही किया जाता है.
केमिस्ट्री के प्रोफ़ेसर बताते हैं कि सोडियम बोरेट, जिसे बोरेक्स के नाम से भी जाना जाता है, एक ऐसा रासायनिक पदार्थ है, जिसकी विषाक्तता कीटनाशक के समान होती है.
इस घटना के बाद एलोपैथिक और सिद्ध चिकित्सक सरकार से ऐसे यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाने की अपील कर रहे हैं जो मेडिकल ट्रीटमेंट के संबंध में इस तरह की भ्रामक जानकारी देते हैं.

मदुरै की लड़की ने जो दवा खाई, उसे अंग्रेज़ी में बोरेक्स ही कहते हैं.
असल में यह क्या है? इसके सेवन से शरीर पर क्या प्रभाव पड़ते हैं? बीबीसी तमिल ने इस बारे में जानने के लिए कई विशेषज्ञों से बात की.
पुलिस ने क्या बताया?
मदुरै के सेल्लूर ज़िले के मीनांबलपुरम की मूल निवासी कलैयारसी एक निजी कॉलेज में ग्रेजुएशन के फ़र्स्ट ईयर की छात्रा थीं.










