वाशिंगटन। FBI’S HARD BALL OPERATION : FBI कनाडा में मौजूद रविंदर ढांडा गैंग के लिए ड्रग तस्करी में भूमिका के कारण भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह की तलाश कर रही है।
FBI की यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ के तहत की गई है। यह लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर ढांडा द्वारा चलाए जा रहे गैंग्स के खिलाफ एक समन्वित अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन कार्रवाई थी।
FBI ने एक बयान में कहा, “हरमनवीर सिंह को एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन में कथित संलिप्तता के लिए वांछित है। यह संगठन प्रतिबंधित पदार्थों को वितरित करने और वितरण के इरादे से रखने की साजिश, तथा प्रतिबंधित पदार्थों के निर्यात की साजिश में शामिल था।”
बयान में कहा गया है कि रविंदर ढांडा संगठित अपराध समूह कनाडा के वैंकूवर में स्थित है और कथित तौर पर इसने पूरे अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में ड्रग तस्करी संगठनों के लिए भारी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी की।
23 जून, 2026 को लॉस एंजिल्स, कैलिफोर्निया में यूनाइटेड स्टेट्स डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ कैलिफोर्निया में सिंह के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। उन पर प्रतिबंधित पदार्थों को वितरित करने और वितरण के इरादे से रखने की साजिश, निर्यात की साजिश और वितरण के इरादे से प्रतिबंधित पदार्थों को रखने के आरोप लगाए गए थे।
इस महीने की शुरुआत में एक संयुक्त अभियान में, अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 24 लोगों को गिरफ्तार किया – जिनमें से 11 कैलिफोर्निया में थे। ये लोग भारत-स्थित तीन अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध समूहों से जुड़े थे, जिन पर कई आपराधिक कृत्यों के आरोप थे।
कुल मिलाकर, अमेरिकी न्याय विभाग ने अपने ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के तहत अभियोग में 37 लोगों पर आरोप लगाए थे।










