GYMKHANA CLUB : अमित कुकरेजा बोले—अनुभवी टीम के साथ क्लब को देंगे नई ऊंचाई; फूड क्वालिटी, पार्किंग और यूथ-वूमेन एक्टिविटीज पर रहेगा फोकस

जालंधर। GYMKHANA CLUB JALANDHAR : के चुनावी माहौल के बाद शुक्रवार को नई टीम ने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। ऑनरेरी सेक्रेटरी अमित कुकरेजा, कैशियर सौरभ खुल्लर, धीरज सेठी सहित नवनिर्वाचित एग्जीक्यूटिव सदस्यों की ताजपोशी के दौरान क्लब में उत्साह का माहौल रहा। आम आदमी पार्टी नेता नितिन कोहली सहित अन्य सदस्यों ने नई टीम का मुंह मीठा करवाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नई टीम के सामने अब चुनावी वादों को धरातल पर उतारने की चुनौती है। पदभार संभालने के बाद ऑनरेरी सेक्रेटरी अमित कुकरेजा ने साफ संकेत दिया कि आने वाला कार्यकाल सिर्फ प्रशासनिक कामकाज तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्लब के सदस्यों की सुविधाओं और उनकी अपेक्षाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

कुकरेजा ने कहा कि नई टीम में काफी अनुभवी लोग शामिल हैं और सभी के सामूहिक अनुभव के साथ जिमखाना क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने माना कि क्लब में फूड क्वालिटी को लेकर सदस्यों की शिकायतें सामने आती रही हैं और इस दिशा में सुधार किया जाएगा।
यूथ और महिलाओं को क्लब से जोड़ने की तैयारी
अमित कुकरेजा ने कहा कि महिलाओं और युवाओं के लिए अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कोशिश रहेगी कि यूथ और महिला सदस्यों को क्लब की गतिविधियों में ज्यादा से ज्यादा शामिल किया जाए, ताकि उनका क्लब के साथ जुड़ाव और मजबूत हो।
पार्किंग समस्या भी एजेंडे में
जिमखाना क्लब की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या को लेकर भी नई टीम सक्रिय नजर आ रही है। कुकरेजा ने कहा कि टीम के सदस्यों और प्रशासन के साथ विचार-विमर्श कर इसका व्यावहारिक समाधान तलाशने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्यों से मिलने वाले फीडबैक को गंभीरता से लिया जाएगा और जिन मुद्दों पर तत्काल काम की जरूरत है, उन पर जल्द कार्रवाई शुरू की जाएगी।
मिन्नी शर्मा धवन ने महिलाओं को दिया आत्मविश्वास का संदेश
इस अवसर पर दूसरी बार एग्जीक्यूटिव चुनी गईं मिन्नी शर्मा धवन ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को खुद पर विश्वास रखना चाहिए। यदि कोई महिला किसी काम को करने का दृढ़ निश्चय कर ले तो रास्ते अपने आप बनते चले जाते हैं।
उन्होंने पुरुषों से भी अपील की कि वे महिलाओं को आगे बढ़ने का मौका दें और उनके रास्ते में बाधा बनने के बजाय उनका सहयोग करें।
नई टीम के सामने बड़ी उम्मीदें
ताजपोशी समारोह में डैडी सियाल, करण, नितिन बहल, प्रो. विपन झांजी, शालीन जोशी, एम.बी. बाली, बॉबी सहगल, डिंपी सचदेवा सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य मौजूद रहे।








