जालंधर, 4 जून। SM SINGH : बढ़ते ग्लोबल वॉर्मिंग के खतरे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आकाशवाणी जालंधर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार की पहल “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आकाशवाणी जालंधर के सहायक निदेशक (समाचार) राजेश बाली ने SM SINGH FOUNDER DISHADEEP NGO को विशेष रूप से आमंत्रित किया। इस अवसर पर एसएम सिंह के साथ एक विशेष कार्यक्रम भी रिकॉर्ड किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और हरित अभियान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आकाशवाणी जालंधर के कर्मचारियों और एसएम सिंह ने परिसर में एक पौधा भी लगाया। इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाकर और पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में भाग लेकर धरती को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान देंगे।

वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पेड़ लगाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान इसी सोच को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस अवसर पर आकाशवाणी के डिप्टी डायरेक्टर जनरल राजेंद्र मीणा, आकाशवाणी जालंधर के डायरेक्टर परमजीत सिंह, सहायक डायरेक्टर राजेश बाली, प्रोग्राम एक्जीक्यूटिव गुरविंदर सिंह संधू, हरजोत शर्मा, व मिक्की राजेश शर्मा ने भी फ़लदार पौधे लगाए।










